Janjgir-Champa News : विधायक ब्यास कश्यप की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ

Janjgir-Champa News : विधायक ब्यास कश्यप की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ

Chhattisgarh Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को लेकर बड़ी स्वीकृति मिली है। विधायक ब्यास कश्यप की अनुशंसा पर वी.बी.जी. राम जी योजना के तहत अलग-अलग गांवों में 12 निर्माण कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 25 लाख 21 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है। स्वीकृत कार्यों में खाद्यान्न भंडारण भवन, मुक्तिधाम, शवदाहगृह, प्रतीक्षालय और जल संरक्षण से जुड़े चेक डेम का निर्माण शामिल है।

जानकारी के मुताबिक मरकाडीह में खाद्यान्न भंडारण संरचना के लिए 12.16 लाख रुपये, भैंसमुड़ी में 12.18 लाख रुपये और मुनुद में 12.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह किरीत, सेंदरी, केवा, अमोरा और पचेड़ा में मुक्तिधाम, शवदाहगृह और प्रतीक्षालय के निर्माण के लिए करीब 5 से 6 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है।

वहीं जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा को बढ़ावा देने के लिए बोड़सरा के मरकाडीह नाला में 19.23 लाख रुपये, गिद्धा के सेमरा खार नाला में 8.94 लाख रुपये, गौद के गाड़ा घाट नाला में 16.90 लाख रुपये और दहिदा के हड़हा नाला में 14.49 लाख रुपये की लागत से सी.सी. चेक डेम बनाए जाएंगे।

इन चेक डेम के निर्माण से बारिश के पानी को रोकने, भू-जल स्तर बढ़ाने और किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं खाद्यान्न भंडारण भवन बनने से किसानों और ग्रामीणों को अनाज के भंडारण की सुविधा मिलेगी। मुक्तिधाम, शवदाहगृह और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाओं के निर्माण से भी ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित गांवों के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।


Related Articles