Jagdalpur News : वन भूमि पर खेती को लेकर टकराव: कार्रवाई के बाद किसानों का विरोध, निष्पक्ष जांच की मांग

Jagdalpur News : वन भूमि पर खेती को लेकर टकराव: कार्रवाई के बाद किसानों का विरोध, निष्पक्ष जांच की मांग

Chhattisgarh Jagdalpur News : जगदलपुर। बस्तर ब्लॉक की कुमली पंचायत में वन भूमि पर खेती को लेकर वन विभाग और किसानों के बीच विवाद गहरा गया है। वन विभाग ने करीब 6 हेक्टेयर (15 एकड़) वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई करते हुए खड़ी मक्के की फसल पर ट्रैक्टर चलवा दिया। इस कार्रवाई के बाद किसानों में नाराजगी है और वे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

वन विभाग के अनुसार, चार लोगों ने वन भूमि पर अवैध कब्जा कर मक्के की खेती की थी। सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए खड़ी फसल नष्ट कर दी। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध कब्जे के खिलाफ की गई है और संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

दूसरी ओर किसानों का दावा है कि क्षेत्र में करीब 100 किसान लंबे समय से खेती कर रहे हैं। किसान हेमलाल पांडे का कहना है कि पंचायत की बैठक में खड़ी फसल की कटाई के लिए तीन महीने की मोहलत देने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बावजूद बिना समय दिए फसल पर ट्रैक्टर चला दिया गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।

किसानों का कहना है कि यदि वन भूमि पर अतिक्रमण हुआ है तो कार्रवाई सभी मामलों की जांच और पुराने रिकॉर्ड के आधार पर समान रूप से की जानी चाहिए। वहीं वन विभाग का कहना है कि फिलहाल चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर जारी है।


Related Articles