Chhattisgarh Bhilai BJP Protest: भिलाई: भिलाई नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को निगम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान उस समय हलचल मच गई जब भाजपा पार्षद संतोष मौर्य निगम आयुक्त राजीव पांडे के खिलाफ बोल रहे थे और उनका माइक बंद कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जिला मंत्री मनोज तिवारी और पूर्व जिला अध्यक्ष महेश वर्मा ने माइक बंद कराया। हालांकि कुछ देर बाद संतोष मौर्य को दोबारा मंच पर बुलाकर अपनी बात रखने का मौका दिया गया।
माइक बंद किए जाने पर संतोष मौर्य ने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण ऐसा हुआ। गौरतलब है कि एक दिन पहले हुई पार्टी बैठक में आयुक्त के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान देने से मना किया गया था, जिसका उन्होंने विरोध भी जताया था।
वित्तीय अनियमितताओं के आरोप
भाजपा नेताओं ने महापौर नीरज पाल और आयुक्त राजीव पांडे पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम में वित्तीय अनियमितताएं और अपारदर्शिता बढ़ रही है। शिक्षा उपकर निधि, 1248 भूखंडों की नीलामी और अन्य आर्थिक मामलों में पारदर्शिता नहीं बरतने का आरोप लगाया गया।
भूमि नीलामी और प्रस्तावों पर सवाल
प्रदर्शन में संजय नगर तालाब के पास व्यावसायिक भूमि की बिना शासन अनुमति नीलामी को भी मुद्दा बनाया गया। साथ ही निगम की सामान्य सभा में पारित प्रस्तावों के विपरीत कार्य किए जाने पर भी सवाल उठाए गए।
पेयजल और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी
नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी में शहर के लोग पेयजल संकट और खराब सफाई व्यवस्था से परेशान हैं। कई इलाकों में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है और कचरा प्रबंधन भी बदहाल है।
यह प्रदर्शन रामजी भारती और पुरुषोत्तम देवांगन के नेतृत्व में हुआ, जिसमें कई वरिष्ठ नेता और पार्षद शामिल रहे। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

