IDBI बैंक के CSR सहयोग से रायपुर के स्वास्थ्य संस्थानों को 40 लाख की अत्याधुनिक चिकित्सा सामग्री, विधायक पुरंदर मिश्रा ने जताया आभार

IDBI बैंक के CSR सहयोग से रायपुर के स्वास्थ्य संस्थानों को 40 लाख की अत्याधुनिक चिकित्सा सामग्री, विधायक पुरंदर मिश्रा ने जताया आभार

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा के प्रयासों से जिला अस्पताल रायपुर एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज को लगभग 40 लाख रुपये मूल्य की अत्याधुनिक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई गई है। यह महत्वपूर्ण सहयोग IDBI बैंक द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत प्रदान किया गया है।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने IDBI बैंक के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रमुख आशीष त्रिपाठी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और संस्थाओं की सहभागिता से ही जनकल्याण के कार्यों को नई दिशा और गति मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में मिला यह सहयोग हजारों मरीजों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा तथा अस्पतालों में उपचार सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।

बैंक द्वारा जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज को सेमी फाउलर बेड, सेमी फाउलर गद्दा, फाउलर बेड, फाउलर गद्दा, बेड साइड लॉकर, बेड ओवर टेबल तथा आईवी स्टैंड जैसी आधुनिक एवं आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इन संसाधनों के जुड़ने से मरीजों को बेहतर सुविधा, अधिक आरामदायक उपचार व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है। IDBI बैंक ने जिस सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, वह अन्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है। यह सहयोग केवल चिकित्सा उपकरणों का वितरण नहीं, बल्कि मानवता और जनसेवा के प्रति एक सशक्त संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में निजी संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। IDBI बैंक द्वारा उपलब्ध कराई गई यह सामग्री अस्पतालों की आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करेगी और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।

विधायक ने विशेष रूप से IDBI बैंक के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रमुख आशीष त्रिपाठी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सकारात्मक सोच और जनहितैषी पहल के कारण यह महत्वपूर्ण सहयोग संभव हो पाया है। समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना प्रशंसनीय है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी IDBI बैंक स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करता रहेगा।

अंत में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा, “स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किया गया प्रत्येक प्रयास जनसेवा का श्रेष्ठतम स्वरूप है। IDBI बैंक द्वारा दिया गया यह सहयोग निस्संदेह हजारों लोगों के जीवन में आशा, विश्वास और बेहतर स्वास्थ्य का नया संबल बनेगा।”


Related Articles