Accident in Raisen: रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेहतगंज टोल प्लाजा के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
क्रॉसिंग के दौरान हुई भीषण टक्कर
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे नेशनल हाईवे-146 पर हुआ। सागर से भोपाल जा रही शक्ति ट्रेवल्स की बस सहित दो यात्री बसें क्रॉसिंग के दौरान आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
खिड़की पर बैठे यात्रियों की गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना में सबसे ज्यादा नुकसान खिड़की के पास बैठे यात्रियों को हुआ। टक्कर के कारण बस के हिस्से टूट गए, जिससे 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही रायसेन और भोपाल पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-146 के सिंगल लेन मार्ग पर भारी यातायात दबाव इस बड़े हादसे की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

