कवर्धा में 166 करोड़ के सड़क-पुल निर्माण का भूमिपूजन, ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, सांसद संतोष पांडेय ने जताया आभार

कवर्धा में 166 करोड़ के सड़क-पुल निर्माण का भूमिपूजन, ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, सांसद संतोष पांडेय ने जताया आभार

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जिले में 55 सड़कों और 12 वृहद पुलों के निर्माण का वर्चुअल भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं के लिए कुल 166 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इस अवसर पर सांसद संतोष पांडेय ने जिले को मिली इस बड़ी सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया।

सांसद ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों और पुलों के निर्माण से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी। बारहमासी पक्की सड़कें बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस चरण में विशेष रूप से आदिवासी और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों को सड़क नेटवर्क से जोड़ने पर ध्यान दिया जा रहा है।


Related Articles