Chhattisgarh NewsL रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा प्रदेश में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कोरबा जिले के 132 केव्ही उपकेंद्र छुरीखुर्द में 40 एमव्हीए क्षमता का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित और उर्जीकृत किया गया है।
करीब 4 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से लगाए गए इस ट्रांसफार्मर से उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को अब उच्च गुणवत्ता वाली और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इस परियोजना से कटघोरा और पाली क्षेत्र सहित आसपास के लगभग 50 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक आर.के. शुक्ला ने स्विच ऑन कर नए ट्रांसफार्मर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिजली विभाग उपभोक्ताओं की सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और क्षमता वृद्धि के ऐसे कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त 40 एमव्हीए ट्रांसफार्मर के शुरू होने से क्षेत्र में लो-वोल्टेज और ओवरलोड की समस्या से राहत मिलेगी तथा बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और भरोसेमंद बनेगी।

