महासमुंद में कार से 9 करोड़ का सोना जब्त: सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे 7.5 किलो ज्वेलरी

महासमुंद में कार से 9 करोड़ का सोना जब्त: सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे 7.5 किलो ज्वेलरी

Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब साढ़े सात किलो सोने की ज्वेलरी जब्त की है। बरामद सोने की कीमत 9 करोड़ 17 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने कार में सवार गुजरात के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, 17 मई 2026 की रात एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर पुलिस ओडिशा की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक वोक्सवैगन वर्टस कार (GJ 03 NP 4230) को रोककर तलाशी ली।

कार की पिछली सीट में मिला सीक्रेट चेंबर

कार में सवार युवकों ने अपना नाम जयेश अकबरी (32), सुनीत कारेना (22) और रूशी अग्रावत (26) बताया। तीनों गुजरात के राजकोट के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान उनके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस ने कार की गहन जांच की।

तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे बने एक सीक्रेट चेंबर से दो पीठू बैग बरामद किए गए। बैग के भीतर रखे छह प्लास्टिक बॉक्स में भारी मात्रा में सोने के जेवर मिले।

7.5 किलो सोना और 10 लाख की कार जब्त

पुलिस जांच में बरामद ज्वेलरी का कुल वजन 7512.488 ग्राम यानी करीब 7.5 किलो पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपए बताई गई है। वहीं, जिस कार में सोना ले जाया जा रहा था उसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है।

इस तरह जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके, जिसके बाद सोना और कार दोनों को जब्त कर लिया गया।

आयकर विभाग और अन्य एजेंसियों को सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भी सूचना भेजी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

अंबिकापुर में भी बड़ी कार्रवाई

वहीं अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 95 किलो से अधिक चांदी की पायल और 760 पुराने मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस मामले में पश्चिम बंगाल के पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को शक है कि जब्त सामान चोरी का हो सकता है, फिलहाल मामले की जांच जारी है।


Related Articles