खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मंत्रालय से पैदल पहुंचे शासकीय निवास, दिया स्वास्थ्य और सादगी का संदेश

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मंत्रालय से पैदल पहुंचे शासकीय निवास, दिया स्वास्थ्य और सादगी का संदेश

भोपाल। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, अनुशासित जीवनशैली और सादगी का प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर प्रधानमंत्री के संदेश को जनआंदोलन का रूप दें तथा अधिक से अधिक पैदल चलने और अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने का प्रयास करें।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्यमंत्री सचिवालय से अपने शासकीय निवास सी-2, 74 बंगले तक पैदल पहुंचे। उनके इस कदम को स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, फिट जीवनशैली अपनाने और प्रधानमंत्री की प्रेरणा को जनसामान्य तक पहुंचाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और लगातार बढ़ते तनाव के बीच स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो गया है। नियमित पैदल चलना न केवल शरीर को स्वस्थ और सक्रिय रखता है, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यदि लोग प्रतिदिन कुछ समय पैदल चलने की आदत विकसित करें तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में योग, व्यायाम और पैदल चलने जैसी गतिविधियों को शामिल करना चाहिए। इससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

मंत्री राजपूत ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के जिम्मेदार लोगों को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सादगीपूर्ण जीवनशैली भारतीय संस्कृति की पहचान रही है और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता और बढ़ गई है। छोटी-छोटी अच्छी आदतें व्यक्ति के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकती हैं।

खाद्य मंत्री के इस कदम की प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन के बीच सराहना की जा रही है। लोगों ने इसे स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने वाला प्रेरक संदेश बताया।


Related Articles