Durg News: नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में यंग इंडियंस की पहल, सांसद विजय बघेल रहे शामिल

Durg News: नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में यंग इंडियंस की पहल, सांसद विजय बघेल रहे शामिल

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। यंग इंडियंस पार्लियामेंट 2026 के ईस्टर्न रीजनल राउंड के समापन समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल शामिल हुए। अनंत्या ग्रीन्स रिसॉर्ट, दुर्ग में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए 115 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

समापन समारोह में सांसद विजय बघेल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं, विचार-विमर्श और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली से जोड़ने वाली ऐसी पहल उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने यंग इंडियंस (YI) दुर्ग चैप्टर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली को समझने और उसका व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देना एक सराहनीय प्रयास है। सांसद ने आयोजन की पूरी टीम के समर्पण और प्रयासों की भी प्रशंसा की।

इस आयोजन को सफल बनाने में यंग इंडियंस दुर्ग चैप्टर के चेयर अभिषेक सुराना, को-चेयर वेदांत कानाबार तथा YIP की आयोजन टीम के गगन अग्रवाल, निकुंज अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, स्वप्निल श्रीवास्तव, शिल्पा सुराना, सुधीर बंसल और अभिनव बंसल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सांसद विजय बघेल ने पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं के लिए ऐसे प्रभावी मंच तैयार करने पर उन्हें बधाई दी।

विजय बघेल के प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं के साथ उनके सीधे संवाद और जुड़ाव को भी रेखांकित किया।

यंग इंडियंस दुर्ग चैप्टर की यह पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम के रूप में सामने आई। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


Related Articles