CG Surajpur News: सूरजपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला सूरजपुर, इकाई प्रतापपुर की छात्रा बहनों ने रक्षाबंधन का पर्व अनूठे और सामाजिक सरोकार से जुड़े अंदाज में मनाया। छात्राओं ने समाज की सेवा, सुरक्षा, स्वच्छता और शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईकर्मियों, पुलिस जवानों, अधिकारियों और कर्मचारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
सफाईकर्मियों और पुलिस जवानों को बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर छात्रा बहनें नगर पंचायत प्रतापपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने सफाईकर्मियों को राखी बांधी। इस दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था में उनके योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त किया गया। इसके बाद छात्राएं पुलिस थाना प्रतापपुर पहुंचीं और पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधकर क्षेत्र की सुरक्षा में उनके समर्पण और जिम्मेदारी के प्रति सम्मान जताया।
अधिकारियों और शिक्षकों को भी बांधी राखी
अभाविप की छात्रा बहनों ने शासकीय कालिदास महाविद्यालय प्रतापपुर के प्राचार्य एवं शिक्षकों, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), एसडीओपी प्रतापपुर और पुलिस थाना प्रतापपुर के जवानों एवं अधिकारियों को राखी बांधी। इसके अलावा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों, आत्मानंद स्कूल सहित विकासखंड के विभिन्न अधिकारी-कर्मचारियों को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश
छात्रा बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी सम्मान, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। समाज की सुरक्षा, स्वच्छता और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस दौरान विभाग छात्रा प्रमुख रेशमी, हिमलावती, मानमती, अनिमा, रामकुमारी, सीमा, सत्या, राधिका, लक्ष्मी, कांति, मोनिका और मीना सहित नगर मंत्री बरत लाल, राज यादव, नारायण राम, पैकरा, पीयूष मित्तल, दिलीप यादव, श्याम, प्रमोद सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

