Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। विकसित भारत जी-राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा के लिए संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य कार्यालय से अपर विकास आयुक्त वी.पी. तिर्की, उपायुक्त नितेश उपाध्याय, उपायुक्त चंद्रप्रकाश पात्रे सहित संभाग के सभी जिलों के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने ग्राम पंचायतों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्य स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे, धान खरीदी केंद्रों तथा शासकीय और अतिक्रमणमुक्त भूमि पर फलदार एवं छायादार पौधे लगाने के लिए ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव लेने को कहा। बंद हैंडपंपों के आसपास सोक पिट बनाने और सेमी क्रिटिकल एवं क्रिटिकल ब्लॉकों में जल संरक्षण से जुड़े अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के प्रथम चरण में विकसित भारत जी-राम जी योजना के तहत निर्माण कार्यों और कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। राज्य से प्राप्त राशि के अनुरूप कार्यों की स्वीकृति और पूर्णता की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपलब्ध राशि का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। वित्तीय वर्ष के शेष लगभग सात माह को देखते हुए कार्यों में तेजी लाने और मजदूरी एवं सामग्री मद में 60:40 के अनुपात का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर विकास आयुक्त वी.पी. तिर्की ने कहा कि विकसित भारत जी-राम जी योजना पूर्णतः मांग आधारित योजना है। ग्राम सभा से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर ही कार्यों की स्वीकृति और संचालन किया जाना चाहिए। उन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में चालू वर्ष में मानव दिवस सृजन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत स्तर पर पर्याप्त कार्ययोजना तैयार करने के साथ बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, डिफेक्टिव बोरवेल रिचार्ज और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संभाग आयुक्त ने प्रथम किस्त प्राप्त हितग्राहियों के आवास निर्माण में तेजी लाने और द्वितीय किस्त प्राप्त एवं जारी राशि के अनुरूप आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षण देने और अधिक से अधिक प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों को आवास निर्माण से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का अन्य शासकीय योजनाओं से अभिसरण कर हितग्राहियों को अधिकतम लाभ दिलाने तथा आवास हितग्राहियों को पीएम सूर्य घर योजना से जोड़ने और इसके लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
संभाग आयुक्त ने कार्यालयीन व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय फाइलों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाने और सभी अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक अटेंडेंस के आधार पर दर्ज करने को कहा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और समय पर कार्यों का मूल्यांकन कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सरपंच सदन, महतारी सदन सहित अन्य निर्मित परिसंपत्तियों की उपयोगिता और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि ग्रामीणों को इनका दीर्घकालीन लाभ मिल सके।

