Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के साथी रहे स्वर्गीय सुखदेव राज की प्रतिमा के अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। यह समारोह आगामी 24 अगस्त को दुर्ग में आयोजित किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. रमन सिंह को समारोह की तैयारियों और आयोजन के उद्देश्य की जानकारी दी। महासंघ ने बताया कि संगठन सामाजिक सरोकारों के तहत स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों की स्मृतियों को सम्मान देने के लिए यह पहल कर रहा है।
डॉ. रमन सिंह ने स्वीकार किया आमंत्रण
डॉ. रमन सिंह ने समारोह में शामिल होने का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने महासंघ के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों और क्रांतिकारियों के योगदान को याद करना और उनकी स्मृतियों को जीवंत रखना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने पेंशनरों के हितों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की भी प्रशंसा की।
सुखदेव राज की स्मृति को मिलेगा सम्मान
दुर्ग में चंद्रशेखर आजाद के निकट सहयोगी और साथी रहे स्वर्गीय सुखदेव राज की स्मृति में स्थापित प्रतिमा का अनावरण 24 अगस्त को किया जाएगा। महासंघ ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराने में मदद मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.के. वर्मा, प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे.पी. मिश्रा, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी एवं प्रवीण कुमार त्रिवेदी, प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह, संभागीय अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिन्हा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाला यह समारोह स्वर्गीय सुखदेव राज के राष्ट्र के प्रति योगदान को श्रद्धांजलि देने के साथ ही समाज में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

