Chhattisgarh Durg News: दुर्ग: 28 सितंबर को होने वाले विरोध मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने देशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
ऑनलाइन बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर शामिल हुए। बैठक में 28 सितंबर को होने वाले विरोध कार्यक्रम की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई।
काला कपड़ा पहनकर विरोध मार्च में शामिल होंगे कार्यकर्ता
दुर्ग जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 28 सितंबर को काला कपड़ा पहनकर विरोध मार्च में शामिल होने की अपील की गई है। पार्टी की ओर से यह कार्यक्रम चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। देशभर में 28 सितंबर को जिला कांग्रेस समितियों द्वारा जिला कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।
राजीव भवन से कलेक्टर कार्यालय तक निकलेगा मार्च
जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर को सुबह 11:30 बजे राजीव भवन, दुर्ग से विरोध मार्च शुरू होगा। मार्च कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचेगा। इसके बाद पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला कांग्रेस नेतृत्व ने जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों, सेक्टर-बूथ पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर राजीव भवन पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

