Balrampur News: बलरामपुर: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बलरामपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती बढ़ा दी है। वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 1001 चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए। इन मामलों में न्यायालय के माध्यम से कुल 1 करोड़ 13 लाख 15 हजार 400 रुपए का समन शुल्क वसूला गया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 251 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किए गए। इनमें से 144 चालकों के लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए गए हैं। नशे में वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए पुलिस द्वारा ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी की जा रही है।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
हादसे से पहले चेत जाएं वाहन चालक
बलरामपुर पुलिस ने वाहन चालकों से शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने के साथ निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाने जा रहा है, तो उसे रोकें और सुरक्षित साधन से घर पहुंचने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे में वाहन चलाना जीवन को खतरे में डालना है। सुरक्षित चलें और सुरक्षित पहुंचें।

