Dongargarh News: मां बम्लेश्वरी के दर्शन को आ रहे परिवार की कार हादसे में जली, स्कूटी को लेकर भी जांच जारी

Dongargarh News: मां बम्लेश्वरी के दर्शन को आ रहे परिवार की कार हादसे में जली, स्कूटी को लेकर भी जांच जारी

Chhattisgarh Dongargarh News: डोंगरगढ़। शनिवार तड़के डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर कार और स्कूटी की जोरदार टक्कर के बाद आग लग गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जिसमें देखते ही देखते कार पूरी तरह जल गई और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद सड़क पर जले हुए वाहनों के अवशेष दिखाई दिए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग गोंदिया निवासी बताए जा रहे हैं। बताया गया कि परिवार राजनांदगांव से डोंगरगढ़ की ओर आ रहा था और मां बम्लेश्वरी के दर्शन के बाद गोंदिया लौटने की तैयारी थी। हालांकि कार में कितने लोग सवार थे और हादसे के बाद उनकी स्थिति क्या रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

प्रारंभिक तौर पर कार और स्कूटी की भिड़ंत के बाद स्पार्किंग से आग लगने की बात सामने आ रही है, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। हादसे में क्षतिग्रस्त कार पर MH35KR5879 नंबर दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। नंबर के आधार पर कार के महाराष्ट्र पंजीकृत होने की संभावना जताई जा रही है। वाहन मालिक और पंजीयन संबंधी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस या संबंधित विभाग की जांच के बाद होगी।

हादसे के बाद मौके पर मिली स्कूटी को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। सुबह करीब 8:30 बजे तक स्कूटी मालिक के सामने नहीं आने की जानकारी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूटी किसकी है और हादसे के समय उसे कौन चला रहा था। दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, उनकी गति कितनी थी और टक्कर के बाद आग किस वजह से भड़की, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल हादसे में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।


Related Articles