Mahtari Vandan Yojana e-KYC: राजनांदगांव (छत्तीसगढ़): महतारी वंदना योजना के तहत e-KYC प्रक्रिया में आ रही बाधाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में असंतोष बढ़ा दिया है। लाभार्थियों का आरोप है कि कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जिम्मेदार अधिकारी न तो फोन कॉल उठा रहे हैं और न ही व्हाट्सएप संदेशों का जवाब दे रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
स्थिति ऐसी बन गई है कि ग्रामीणों के लगातार फोन कॉल, ग्राम सचिवों और सरपंचों के दबाव के चलते स्थानीय CSC संचालक असहज स्थिति में हैं। कई स्थानों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर भी लाभार्थियों की e-KYC कराने का अतिरिक्त दबाव देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना का लाभ उठाने के लिए e-KYC अनिवार्य है, लेकिन तकनीकी सहयोग और स्पष्ट मार्गदर्शन की कमी के कारण वे इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। दूसरी ओर CSC संचालकों का कहना है कि उन्हें उच्च स्तर से समय पर निर्देश और आवश्यक सहयोग नहीं मिल पा रहा, जिससे वे भी असमंजस की स्थिति में हैं।
स्थानीय स्तर पर लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि CSC अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, हेल्पलाइन या नियंत्रण कक्ष सक्रिय किया जाए और e-KYC प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो योजना का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचने में बाधा आ सकती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाता है, ताकि व्यवस्था में सुधार हो और लोगों को राहत मिल सके।

