Dhar News: धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के राजगढ़ नगर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। राजगढ़ थाना क्षेत्र के शंकरपुरा इलाके में एक युवक ने कथित रूप से चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति ने पत्नी के शव को बिस्तर पेटी में छिपा दिया और उसके ऊपर बिस्तर लगाकर सो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राजगढ़ के शंकरपुरा क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक महिला सुबह से लापता है और उसका पति परिवार वालों को संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर में मौजूद पति कमलेश खराड़ी से पूछताछ की।
शक होने पर पुलिस ने खोली बिस्तर पेटी, अंदर मिला महिला का शव
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पति के जवाबों पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली। जांच के दौरान बिस्तर पेटी खोलने पर उसमें महिला हिना खराड़ी (35 वर्ष) का शव मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी पति को हिरासत में लिया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर भेजा।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला हत्या करना
पुलिस पूछताछ में आरोपी कमलेश खराड़ी ने बताया कि पत्नी के चरित्र को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। सोमवार रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी के अनुसार, विवाद के दौरान वह शराब के नशे में था और उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बिस्तर पेटी में रख दिया।
विवाद के चलते बच्चे गए थे बुआ के घर
पुलिस के मुताबिक, मृतिका और आरोपी के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल है। घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद बच्चे अपनी बुआ के घर सोने चले गए थे। इसी दौरान घर में मौजूद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया और वारदात हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
राजगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शंकरपुरा क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

