DA Hike News: चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय ने गुरुवार को सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के महंगाई भत्ते (DA) में दो प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की। इसके साथ ही महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% हो जाएगा और यह वृद्धि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
सरकार पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के कारण राज्य सरकार पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आवश्यक अतिरिक्त धनराशि आवंटित की जाएगी और सरकारी अधिकारियों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के कल्याण के प्रति सरकार अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।
महिलाओं के खाते में जल्द आएंगे 1,000 रुपये
सीएम विजय ने महिलाओं के लिए ‘कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना के तहत मई महीने की 1,000 रुपये की किस्त जल्द ही लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा करने का निर्देश दिया। इस योजना की शुरुआत पूर्ववर्ती DMK सरकार ने की थी और इसका नाम पार्टी के दिग्गज नेता एम. करुणानिधि के नाम पर रखा गया।
चुनाव से पहले 2,500 रुपये देने का था वादा
राज्य विधानसभा चुनाव से पहले सीएम विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह की सहायता देने का वादा किया था। हालांकि, फिलहाल सरकार 1,000 रुपये की मई माह की किस्त देने की प्रक्रिया शुरू कर रही है।
कल्याणकारी योजनाओं के लिए सरकार प्रतिबद्ध
सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया कि सीएम विजय ने लोगों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं तैयार करने और उन्हें लागू करने के लिए कदम उठाने का संकल्प लिया है। सरकार का यह कदम कर्मचारियों, शिक्षकों और महिलाओं के लिए राहत देने वाला माना जा रहा है।

