CG Balrampur News: बलरामपुर। विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम गुरमुटी के आश्रित ग्राम धौरपुर और संघरा में पेयजल संकट की शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर समस्या का निरीक्षण किया और खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था को फिर से सुचारू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम धौरपुर तथा प्राथमिक शाला संघरा के पास स्थापित हैंडपंपों में तकनीकी खराबी के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत विभिन्न माध्यमों से जिला प्रशासन तक पहुंची, जिस पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने दोनों स्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान हैंडपंपों में तकनीकी समस्या पाई गई। इसके बाद विभाग ने बिना देरी किए हैंडपंप तकनीशियन की मदद से आवश्यक मरम्मत कार्य कराया। सुधार कार्य पूरा होने के बाद हैंडपंपों को पुनः चालू कर दिया गया, जिससे दोनों गांवों में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो गई और ग्रामीणों को राहत मिली।
जिला प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी स्वयं विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर नजर रख रही हैं और किसी भी समस्या की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
प्रशासन की इस तत्परता से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।

