‘Cockroach Janata Party’ Protests in Delhi: नई दिल्ली। देशभर में पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का प्रदर्शन शुरू हो गया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा व्यवस्था में सुधार की आवाज बुलंद की है। इस प्रदर्शन में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे। पहले उन्होंने अपने समर्थकों को दिल्ली एयरपोर्ट पर एकत्र होने का आह्वान किया था, लेकिन बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सभी से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में प्रदर्शन की अनुमति मांगी, जिसे पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताओं के बाद मंजूरी दे दी।
दीपके ने अपने सोशल मीडिया संदेश में बताया कि पुलिस प्रशासन ने धरना-प्रदर्शन की अनुमति प्रदान कर दी है और अब सभी समर्थक जंतर-मंतर पर एकत्र हो रहे हैं। उनके समर्थक सुबह से ही संसद मार्ग थाना क्षेत्र और जंतर-मंतर के आसपास पहुंचने लगे थे।
पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन
सीजेपी का यह प्रदर्शन मुख्य रूप से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रबंधन में गड़बड़ियों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया है। अभिजीत दीपके का कहना है कि देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इसके लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर से लेकर दिल्ली एयरपोर्ट और प्रमुख मार्गों तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार प्रदर्शन की अनुमति छात्रों और आयोजकों से आवश्यक अंडरटेकिंग लेने के बाद दी गई। सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी प्रकार का अनावश्यक टकराव न हो।
12 जोन में बांटा गया इलाका
नई दिल्ली जिले में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को 12 जोन में विभाजित किया है, जिनकी निगरानी डीसीपी स्तर के अधिकारी करेंगे।
दिल्ली पुलिस ने सभी जिला और यूनिट डीसीपी को विशेष अलर्ट जारी करते हुए संभावित भीड़, यातायात दबाव और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदर्शनकारियों के साथ संयमित व्यवहार करने और स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
देशभर के छात्रों की निगाहें आंदोलन पर
जंतर-मंतर पर शुरू हुए इस प्रदर्शन को लेकर देशभर के छात्रों और अभ्यर्थियों की नजरें दिल्ली पर टिकी हुई हैं। आयोजकों का दावा है कि यह आंदोलन परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। वहीं प्रशासन और पुलिस की कोशिश है कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और आम लोगों को न्यूनतम परेशानी का सामना करना पड़े।

