CG News: राहुल गांधी के आरोपों पर CM विष्णुदेव साय का पलटवार, बोले- नक्सलवाद के खिलाफ लड़ने की उनमें कभी इच्छाशक्ति नहीं रही

CG News: राहुल गांधी के आरोपों पर CM विष्णुदेव साय का पलटवार, बोले- नक्सलवाद के खिलाफ लड़ने की उनमें कभी इच्छाशक्ति नहीं रही

CG Latest News: रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर से रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की उनमें कभी इच्छाशक्ति नहीं रही। वहीं भूपेश बघेल के छत्तीसगढ़ को उद्योगपतियों के हाथों में जाने के आरोप को भी गलत बताया।

राहुल गांधी के आरोपों पर सीएम साय का पलटवार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य की बात है कि प्रदेश को प्रधानमंत्री का सहयोग मिला। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वे इस पर किसी तरह की टिप्पणी कर रहे हैं, तो यह बकवास और बेकार का प्रलाप है। नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की उनमें कभी इच्छाशक्ति नहीं रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग से नक्सलवाद समाप्त हुआ है। सीएम साय ने कहा कि जनता भी नक्सलवाद से मुक्ति चाहती थी, क्योंकि नक्सलवाद विकास के रास्ते में सबसे बड़ा बाधक था। इसे समाप्त करने में सफलता मिली है।

भूपेश बघेल के आरोपों को बताया गलत

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों के हाथों में जाने के आरोप पर भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल का आरोप पूरी तरह गलत है। ऐसा कुछ भी नहीं है। छत्तीसगढ़ तेजी से हर क्षेत्र में विकास कर रहा है और प्रदेश लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम धरमजयगढ़ में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं।


Related Articles