Chhattisgarh School News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की समय-सारिणी को लेकर नई मांग सामने आई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर राज्य के सभी सरकारी स्कूलों की टाइमिंग एक समान करने की मांग की है। फेडरेशन ने विशेष रूप से शनिवार को हायर सेकेंडरी (12वीं तक) स्कूलों को भी मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित करने की अनुमति देने का आग्रह किया है।
फेडरेशन का कहना है कि राज्य में युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) और संकुल व्यवस्था लागू होने के बाद अधिकांश प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को हायर सेकेंडरी स्कूलों से जोड़ा गया है। ऐसे में अलग-अलग स्कूलों के अलग-अलग समय पर संचालित होने से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी परेशानी हो रही है।
पत्र में कहा गया है कि प्राचार्य, शिक्षक और कर्मचारी नियमित शिक्षण कार्य के अलावा सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, ऑनलाइन डेटा एंट्री, परीक्षा संबंधी कार्य, वित्तीय और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। इसके अलावा उन्हें संकुल स्तर की बैठकों में भी शामिल होना पड़ता है। अलग-अलग समय-सारिणी के कारण इन सभी कार्यों का समन्वय प्रभावित हो रहा है।
फेडरेशन का मानना है कि यदि शनिवार को हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी मॉर्निंग शिफ्ट लागू कर दी जाए और प्राथमिक, माध्यमिक तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों की टाइमिंग एक समान कर दी जाए, तो विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। इसके विपरीत शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को प्रशासनिक कार्य, बैठकें, रिपोर्ट तैयार करने और अगले सप्ताह की शैक्षणिक योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
फेडरेशन ने स्कूल शिक्षा विभाग से मांग की है कि इस विषय पर जल्द निर्णय लेते हुए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं, ताकि पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक समान समय-सारिणी लागू की जा सके।

