छत्तीसगढ़: अमित शाह के दौरे के बीच रायपुर में बड़ी वारदात, पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट

छत्तीसगढ़: अमित शाह के दौरे के बीच रायपुर में बड़ी वारदात, पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर दौरे को लेकर राजधानी में हाई अलर्ट और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल झपटकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक मंगलवार सुबह करीब 8 बजे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए।

घटना के बाद कौशिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। राजधानी में वीवीआईपी मूवमेंट और हाई सिक्योरिटी के बीच हुई इस घटना ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।


Related Articles