Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वनाश्रित और तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बड़ी पहल की है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को नया रायपुर स्थित निवास कार्यालय से विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 12.26 करोड़ रुपए की सहायता राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। इस राशि से प्रदेश के 8,631 विद्यार्थियों को लाभ मिला है।
छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से यह राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वनाश्रित परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत सबसे ज्यादा लाभ प्रतिभाशाली शिक्षा प्रोत्साहन योजना में मिला। इस योजना के अंतर्गत 6,133 विद्यार्थियों को करीब 11.39 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई।
वहीं, मेधावी छात्र पुरस्कार योजना के तहत 1,639 विद्यार्थियों को 44.85 लाख रुपए दिए गए। इसके अलावा, गैर-व्यावसायिक शिक्षा छात्रवृत्ति योजना में 788 विद्यार्थियों को 35.72 लाख रुपए और व्यावसायिक शिक्षा छात्रवृत्ति योजना में 71 विद्यार्थियों को 6.15 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई।
इस पहल से छत्तीसगढ़ सरकार ने वनाश्रित और तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के बच्चों के शिक्षा क्षेत्र में सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

