Chhattisgarh Latest News: जशपुरनगर के पुराने मवेशी बाजार में बनेगा आधुनिक बस टर्मिनल, 40 दुकानों से रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

Chhattisgarh Latest News: जशपुरनगर के पुराने मवेशी बाजार में बनेगा आधुनिक बस टर्मिनल, 40 दुकानों से रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुर जिले के मुख्यालय जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए स्वीकृति मिल चुकी है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है। लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाला यह आधुनिक बस टर्मिनल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ जिले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा।

जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में प्रस्तावित बस स्टैंड में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। इससे बसों के आवागमन और पार्किंग को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। जिला मुख्यालय के इस बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और पांच हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। यहां से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं।

प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए डिजिटल सूचना स्क्रीन लगाने की भी योजना है। इन सुविधाओं से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

बस स्टैंड परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को जरूरी वस्तुएं और सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। व्यवस्थित बस संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिल सकती है।

जशपुरनगर जिला मुख्यालय होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और शासकीय कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। आधुनिक बस टर्मिनल बनने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होने के साथ पड़ोसी राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिल सकता है।

जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के तहत कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति दी गई है। वहीं बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने और परिवहन अधोसंरचना मजबूत होने की उम्मीद है।

जशपुरनगर में प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड जिले की परिवहन व्यवस्था को नया स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।


Related Articles