छत्तीसगढ़ को मिला नया पूर्णकालिक डीजीपी, अरुण देव गौतम संभालेंगे पुलिस विभाग की कमान

छत्तीसगढ़ को मिला नया पूर्णकालिक डीजीपी, अरुण देव गौतम संभालेंगे पुलिस विभाग की कमान

Chhattisgarh News: रायपुर: राज्य शासन ने 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ का पूर्णकालिक डीजीपी (डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) नियुक्त किया है। वे पिछले एक वर्ष से प्रभारी डीजीपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे, जिन्हें अब सरकार ने स्थायी जिम्मेदारी सौंप दी है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे अरुण देव गौतम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज इलाहाबाद से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए और राजनीति शास्त्र में एमए किया। बाद में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल की डिग्री हासिल की।

यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने 12 अक्टूबर 1992 को आईपीएस सेवा जॉइन की। शुरुआत में उन्हें मध्य प्रदेश कैडर मिला और प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी के तौर पर उनकी पहली पोस्टिंग जबलपुर में हुई। बतौर एसपी उनकी पहली तैनाती भोपाल में रही।

वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर चुना। यहां वे कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर जैसे छह महत्वपूर्ण जिलों में एसपी रह चुके हैं। इसके अलावा वे दो रेंज के आईजी और गृह सचिव जैसे अहम पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

अरुण देव गौतम को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2010 में उन्हें भारतीय पुलिस पदक, 2018 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा वर्ष 2002 में संघर्षग्रस्त कोसोवा में सेवा देने पर संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया था।


Related Articles