Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 मई 2026 को शाम 5:30 बजे से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इस संबंध में संघ ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की औपचारिक सूचना दी है।
संघ के महासचिव कमलेश महाराज ने बताया कि संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार कंपनी प्रबंधन को पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक पहल नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन के उदासीन रवैये के विरोध में अब चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जा रहा है। यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
25 मई को होगा ध्यान आकर्षण कार्यक्रम
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार आंदोलन के प्रथम चरण में 25 मई को विद्युत सेवा भवन डंगनिया, रायपुर में आमसभा, गेट मीटिंग और ध्यान आकर्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है।
कई विभागों को भेजी गई ज्ञापन की प्रतिलिपि
संघ ने अपनी मांगों के निराकरण के लिए कंपनी प्रबंधन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है। वहीं ज्ञापन की प्रतिलिपि ऊर्जा विभाग, जिला प्रशासन, श्रम विभाग और पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न अधिकारियों को भी भेजी गई है। संविदा कर्मचारियों के आंदोलन की घोषणा के बाद बिजली व्यवस्था पर संभावित असर को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

