Chhattisgarh Latest News: रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को रायपुर के महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के साथ गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना का अवलोकन किया और उनका संबोधन सुना।
सीएम साय ने प्रदेशवासियों को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ की शुभकामनाएं दी और कहा कि 75 वर्ष पूर्व इसी दिन सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण पूर्ण हुआ था। उन्होंने मंदिर पर हुए विदेशी आक्रमणों का उल्लेख करते हुए बताया कि पुजारियों और श्रद्धालुओं ने अपने प्राणों की आहुति देकर मंदिर की आस्था और परंपरा को संरक्षित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद और पीएम मोदी के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि आज देशभर में प्रमुख तीर्थ स्थल और धार्मिक स्थलों का विकास तेजी से हो रहा है।
सीएम साय ने छत्तीसगढ़ के धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने शक्तिपीठ योजना के तहत देवी मंदिरों का संवर्धन, भोरमदेव महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण और राज्य के तीर्थ स्थलों के पर्यटन विकास की जानकारी दी। इसके अलावा श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं।
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से एकजुट होकर सनातन संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान किया और धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में योगदान देने की अपील की।

