Chhattisgarh Budget 2026 Tourism News रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 में पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व विभाग के लिए व्यापक और दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर को आर्थिक विकास के इंजन के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मंत्री ने कहा कि बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, मेलों, उत्सवों और धार्मिक स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रतिष्ठित टूर ऑपरेटरों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। होम-स्टे नीति के क्रियान्वयन के लिए इस वर्ष 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे विशेषकर ग्रामीण परिवारों को आय के नए अवसर मिलेंगे।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘छत्तीसगढ़ आस्था पथ (शक्तिपीठ भ्रमण) योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके लिए 5 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। कुदरगढ़, डोंगरगढ़, रतनपुर, चंद्रपुर और दंतेवाड़ा को शक्तिपीठ सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। ऐतिहासिक धरोहर सिरपुर के समग्र विकास के लिए 42.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें ग्लोबल मेडिटेशन सेंटर, संग्रहालय, रिवर फ्रंट और बुनियादी ढांचे के विकास कार्य शामिल हैं।
जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने के लिए ‘जनजातीय सुर-गुड़ी स्टूडियो’ की स्थापना का निर्णय लिया गया है। रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद के निवास (डे-भवन) को राष्ट्रीय स्मारक के रूप में विकसित करने हेतु 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 2 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
पर्यटन को गति देने के लिए बस्तर और सरगुजा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क विस्तार की व्यापक योजना भी बजट में शामिल है। इसके अलावा 350 करोड़ रुपये की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी एवं ट्रायबल कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का विकास किया जा रहा है। नई दिल्ली में आयोजित छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो के माध्यम से 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। केंद्र की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत कबीरधाम के भोरमदेव मंदिर परिसर के विकास हेतु 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिली है। मंत्री ने विश्वास जताया कि इन पहलों से राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और छत्तीसगढ़ की पहचान वैश्विक स्तर पर सशक्त होगी।
Read More : छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव का शेड्यूल जारी, दो सीटों पर 16 मार्च को मतदान, 90 विधायक डालेंगे वोट

