CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून होगा सक्रिय: चार दिन तेज बारिश के आसार, 18 से ज्यादा जिलों में अंधड़ का अलर्ट

CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून होगा सक्रिय: चार दिन तेज बारिश के आसार, 18 से ज्यादा जिलों में अंधड़ का अलर्ट

Chhattisgarh Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने सोमवार से अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का पूर्वानुमान जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के राज्य के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो गई हैं। इसके चलते अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।

रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बस्तर संभाग के कोहकामेटा में सबसे अधिक 70 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि कोंटा में 60 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा सरगुजा संभाग के खड़गांव में 50 मिमी तथा करपावांड, फरसगांव, मानपुर, नारायणपुर, मर्दापाल, रामचंद्रपुर और गंडई में 40-40 मिमी बारिश दर्ज की गई।

18 से अधिक जिलों में अंधड़ और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, बालोद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की है।

वहीं बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर के अलावा गरियाबंद, महासमुंद तथा बलरामपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में भी बदलेगा मौसम

राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने की संभावना है। दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

चार मौसमी प्रणालियों से मजबूत हुआ मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में चार प्रमुख मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।

  • एक मानसूनी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक समुद्र तल पर बनी हुई है।
  • उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश से विदर्भ होते हुए तेलंगाना तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका सक्रिय है।
  • मध्य प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
  • तटीय आंध्र प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक और द्रोणिका सक्रिय है।

इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून को मजबूती मिलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


Related Articles