CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन बारिश के आसार, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी, पढ़ें मौसम की खबर

CG Weather: छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन बारिश के आसार, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी, पढ़ें मौसम की खबर

Chhattisgarh Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। इस बीच 9 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में सक्रिय हो गया। सामान्यतः मानसून 8 जुलाई तक पूरे भारत को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार यह एक दिन की देरी से पूरे देश में पहुंचा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। जून के अंतिम सप्ताह तक जहां बारिश की कमी 40 प्रतिशत से अधिक थी, वहीं पिछले एक सप्ताह में हुई अच्छी बारिश के चलते यह अंतर काफी कम हो गया है। अब प्रदेश में कुल वर्षा सामान्य श्रेणी के करीब पहुंच गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार (10 जुलाई) को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

अब तक 242.8 मिमी बारिश दर्ज

1 जून से 9 जुलाई 2026 तक प्रदेश में 242.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य रूप से 284.6 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। यानी अब भी प्रदेश में सामान्य से लगभग 15 से 17 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है, हालांकि लगातार हो रही बारिश से स्थिति में तेजी से सुधार देखने को मिला है।

इन जिलों में हुई सामान्य से ज्यादा बारिश

सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रदेश का सबसे अधिक वर्षा वाला जिला रहा, जहां 450.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा, मुंगेली, सक्ती, महासमुंद, रायपुर और जांजगीर-चांपा में भी सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इन जिलों में अब भी बारिश की कमी

सरगुजा में सबसे कम 144.4 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है। इसके अलावा कांकेर, जशपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-चौकी, कोंडागांव, बेमेतरा, सुकमा और सूरजपुर में भी सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।

मौसम विभाग का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा, तो छत्तीसगढ़ जल्द ही सामान्य वर्षा की श्रेणी में पहुंच सकता है।


Related Articles