Chhattisgarh Patan News: पाटन। बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को रेस्ट हाउस पाटन में समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक भव्य एवं विशाल कांवर यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भगवान भोलेनाथ के नाम पर शिवभक्तों से एक मुठ्ठी अन्नदान एकत्र किया जाएगा। इसी अन्न से महाप्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा। समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सेवा और धार्मिक सहभागिता से जोड़ना है।
संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि कांवर यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष हजारों शिवभक्त “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए यात्रा में शामिल होते हैं। इस वर्ष भी यात्रा पाटन स्थित ओग्गर तालाब में विराजमान भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर टोलाघाट के लिए रवाना होगी।
बैठक में यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, भोजन, विश्राम स्थल, यातायात समन्वय, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार तथा स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा कर अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।
बैठक के अंत में जितेन्द्र वर्मा ने पाटन क्षेत्र के सभी सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवर यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति या समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और सामूहिक सहभागिता का महापर्व है।
बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा, भाजपा महामंत्री दिलीप साहू सहित समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।

