पाटन उपचुनाव में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, सुरेंद्र साहू ने भरा नामांकन

पाटन उपचुनाव में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, सुरेंद्र साहू ने भरा नामांकन

Chhattisgarh Patan News: पाटन। सुरेंद्र साहू ने जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-04 के उपचुनाव में सोमवार को भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ भव्य रैली निकालकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के अंतिम दिन हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने क्षेत्र की राजनीति में नया उत्साह भर दिया।

रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, मंडल पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। महिला एवं पुरुष मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक शामिल होकर भाजपा के प्रति अपना समर्थन और विश्वास जताया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि यह उपचुनाव केवल राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि पाटन को विकास, सुशासन और जनसेवा के नए मार्ग पर आगे बढ़ाने का संकल्प है। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत से सुरेंद्र साहू ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे और इसी के साथ पाटन में कांग्रेस मुक्त अभियान का मजबूत आगाज़ होगा।

भाजपा पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क अभियान तेज करने और अधिक से अधिक मतदाताओं का समर्थन जुटाने की अपील भी की।


Related Articles