Jagdalpur News: मां दंतेश्वरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें, 11 से 15 अक्टूबर तक चलेगी फ्री बस, वापसी के नियम भी जानें

Jagdalpur News: मां दंतेश्वरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें, 11 से 15 अक्टूबर तक चलेगी फ्री बस, वापसी के नियम भी जानें

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रोटरी क्लब जगदलपुर ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत निशुल्क बस सेवा शुरू की है। यह विशेष सेवा 11 से 15 अक्टूबर 2026 तक जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच संचालित की जा रही है। रेल सेवा बंद होने से यात्रियों को हो रही परेशानी के बीच इस पहल से श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे और बस्तर राजपरिवार के कमल चंद्र भंजदेव की उपस्थिति में बस सेवा का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य नवरात्र के दौरान मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों को निशुल्क आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

बस सेवा के निर्धारित समय के अनुसार, जगदलपुर से दंतेवाड़ा के लिए पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस दोपहर 2 बजे राजमहल परिसर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से रवाना होगी। वहीं, दंतेवाड़ा मंदिर परिसर से जगदलपुर के लिए पहली बस सुबह 10 बजे और दूसरी बस शाम 5 बजे प्रस्थान करेगी।

रोटरी क्लब ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा एकतरफा ड्रॉप सुविधा के रूप में संचालित की जा रही है। इसलिए श्रद्धालुओं को यात्रा की योजना बनाते समय वापसी की व्यवस्था का ध्यान रखना होगा। दर्शन के बाद वापसी के लिए निर्धारित बस के समय के अनुसार योजना बनाना या अन्य साधन की व्यवस्था करना जरूरी होगा।

वर्तमान में रेल सेवा बंद होने के कारण दंतेवाड़ा जाने वाले यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रोटरी क्लब की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। इस सेवा का संयोजन रोटरी क्लब के उपाध्यक्ष एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन संग्राम सिंह राणा, सचिव अंकित गोयल और संयुक्त सचिव सप्तगिरि मद्दी कर रहे हैं।


Related Articles