Chhattisgarh Latest News: रायपुर। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता किरण बघेल ने सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए धरने और आमरण अनशन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब अपराधियों को संरक्षण देकर प्रदेश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है और कानून व्यवस्था पर दबाव बनाने की राजनीति कर रही है।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में संभावित हार को देखते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बौखला गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी. एस. सिंह देव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जैसे नेता ऐसे व्यक्ति के समर्थन में धरने पर बैठे हैं, जिसके खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अब खुलेआम हथियारों के अवैध प्रदर्शन और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को राजनीतिक संरक्षण देने वाली पार्टी बन चुकी है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जब पुलिस विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है, तब कांग्रेस के नेता धरना और अनशन कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
‘कांग्रेस को कानून और लोकतंत्र पर भरोसा नहीं’
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि कांग्रेस को न तो लोकतंत्र पर भरोसा है और न ही न्याय व्यवस्था पर। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से दबाव की राजनीति, तुष्टीकरण और अपराधियों को बढ़ावा देकर सत्ता हासिल करने की कोशिश करती रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में “कानून का राज” स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है, जबकि कांग्रेस के नेता सड़कों पर उतरकर अराजकता फैलाने और अपराधियों की ढाल बनने में लगे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस के किसी भी दबाव या गीदड़भभकी के आगे पुलिस प्रशासन झुकने वाला नहीं है।
भाजपा कार्यकर्ता को धमकी देने का आरोप
डॉ. किरण बघेल ने बताया कि 24 मई 2026 को कांग्रेस से जुड़े नरेंद्र जैन नामक व्यक्ति द्वारा भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पाण्डेय के साथ गाली-गलौज और फरसा लहराकर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान मुकेश साहू ने बीच-बचाव कर मित्तल पाण्डेय की जान बचाई।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए 26 मई को नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
उन्होंने पुलिस महानिदेशक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट को खत्म करने की मांग की है। साथ ही राजनीतिक द्वेष और पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठी शिकायत दर्ज कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि कांग्रेस नगर पंचायत शिवनंदनपुर चुनाव में भय और दबाव का माहौल बनाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रचार से रोकना चाहती है, लेकिन क्षेत्र की जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझ चुकी है और चुनाव में इसका जवाब देगी।

