Bilaspur News: बिलासपुर में पेड़ गिरने से मचा हड़कंप, टूटे बिजली के तार और खंभे; शाम तक बहाल हुई बिजली आपूर्ति

Bilaspur News: बिलासपुर में पेड़ गिरने से मचा हड़कंप, टूटे बिजली के तार और खंभे; शाम तक बहाल हुई बिजली आपूर्ति

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। शहर के उसलापुर रोड स्थित नंदन विहार कॉलोनी में मंगलवार देर रात तेज बारिश के दौरान एक विशाल नीलगिरी का पेड़ जड़ समेत उखड़कर सड़क पर गिर गया। हादसे में दो बिजली के खंभे और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक चार पहिया वाहन भी पेड़ की चपेट में आ गया। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और लोगों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में लंबे समय से झुका हुआ नीलगिरी का पेड़ मंगलवार रात अचानक जड़ समेत उखड़कर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से करीब 100 से 200 मीटर तक बिजली के तार टूट गए और दो बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ एक मकान के मुख्य गेट के सामने गिरा, जिससे परिवार के लोग घर से बाहर भी नहीं निकल सके। वहीं, पास में खड़ी एक कार भी इसकी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई।

बिजली के तार टूटने से करंट फैलने की आशंका के चलते कॉलोनीवासियों ने पूरी रात आवागमन बंद रखा। सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का काम शुरू किया। इसके बाद बिजली विभाग ने क्षतिग्रस्त खंभों और तारों की मरम्मत कर शाम करीब 6 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की।

वार्ड पार्षद नीतिन पटेल ने बताया कि क्षेत्र में 50 से अधिक नीलगिरी के पेड़ झुकी हुई स्थिति में हैं, जो बारिश के दौरान कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने ऐसे खतरनाक पेड़ों को हटाने के लिए राजस्व विभाग को पत्र लिखने की बात कही है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।


Related Articles