Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुराना हाईकोर्ट के सामने स्थित प्रसिद्ध मद्रासी होटल (मद्रासी रेस्टोरेंट) का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच के दौरान होटल की रसोई में भारी गंदगी मिली और गंदे फ्रीजर में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी हुई पाई गई।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार को होटल में दबिश दी। बाहर से रेस्टोरेंट सामान्य और व्यवस्थित मिला, लेकिन किचन में गंदगी का अंबार पाया गया। जांच के दौरान फर्श और दीवारों पर चिकनाई व कचरा जमा मिला। खाद्य सामग्री रखने वाले फ्रीजर भी गंदे और बदबूदार पाए गए। इन कमियों को देखते हुए विभाग ने तत्काल लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की।
जांच के दौरान रसोई में कई अन्य खामियां भी सामने आईं। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को बिना उचित विभाजन के एक ही फ्रीजर में रखा गया था। खाना बनाने और परोसने वाले कर्मचारियों ने ग्लव्स और कैप नहीं पहने थे। वहीं रसोई और भंडारण क्षेत्र में चूहों, काकरोच और अन्य कीटों की रोकथाम के लिए पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी नहीं मिली।
विभाग के अनुसार, होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर आगे भी जांच जारी रहेगी। आने वाले दिनों में शहर के अन्य बड़े होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट भी जांच के दायरे में रहेंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी आरआर देवांगन ने कहा कि मद्रासी होटल की रसोई में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली और साफ-सफाई का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और फिलहाल फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।

