Bilaspur News : बिलासपुर। शहर में करोड़ों रुपये की जमीन की रजिस्ट्री कर भुगतान नहीं करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने 60 वर्षीय महिला की शिकायत पर भारतीय नगर निवासी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि युवक ने चेक के माध्यम से भुगतान करने का भरोसा दिलाकर करीब 1 करोड़ 90 लाख 86 हजार रुपये की जमीन अपने नाम करा ली, लेकिन आज तक एक रुपये का भुगतान नहीं किया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गोंडपारा स्थित सांई मंदिर के पास रहने वाली मंजूलता आनंद ने अपने भतीजे के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी मां स्वर्गीय गिरिजा बाई आनंद के नाम पर व्यापार विहार क्षेत्र में 2180 वर्गफुट जमीन थी। इस जमीन का सौदा भारतीय नगर निवासी अंकित कुमार एक्का से तय हुआ था।
चेक देने का भरोसा, फिर रकम गायब
शिकायत के मुताबिक 19 मार्च 2026 को जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। आरोपी ने भुगतान के लिए चार चेक देने की बात कही और रजिस्ट्री दस्तावेज में चेक नंबर भी दर्ज कराए। बाद में उसने खुद ही चेक खाते में जमा कराने का भरोसा दिया। लेकिन रजिस्ट्री के कई सप्ताह बाद भी खाते में कोई रकम जमा नहीं हुई।
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की तो वह लगातार मिलने से बचता रहा और भुगतान को लेकर टालमटोल करता रहा। इसके बाद उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
रजिस्ट्री के बाद कराया नामांतरण
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रजिस्ट्री होने के बाद आरोपी ने जमीन का नामांतरण भी अपने नाम पर करा लिया। जबकि बिक्री की पूरी रकम अब तक अदा नहीं की गई है। मामले में पुलिस बैंक खातों, चेकों और रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
मुख्तियारनामा के आधार पर हुआ था सौदा
पुलिस के अनुसार जमीन की रजिस्ट्री मुख्तियारनामा (पॉवर ऑफ अटॉर्नी) के आधार पर कराई गई थी। शिकायतकर्ता अपनी मां और दादी की संपत्ति की देखरेख कर रही थीं। आरोप है कि आरोपी ने इसी विश्वास का फायदा उठाकर जमीन अपने नाम करा ली।
पुलिस कर रही दस्तावेजों की जांच
सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि रजिस्ट्री में दर्ज चेक वास्तविक थे या नहीं और संबंधित खातों में भुगतान के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध थी या नहीं।
मामले की प्रमुख बातें
- 1.90 करोड़ रुपये की जमीन की रजिस्ट्री के बाद भुगतान नहीं।
- रजिस्ट्री डीड में चार चेक नंबर दर्ज कराए गए।
- आरोपी ने जमीन का नामांतरण भी अपने नाम करा लिया।
- बुजुर्ग महिला ने रजिस्ट्री निरस्त करने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
- पुलिस बैंक रिकॉर्ड, चेक और रजिस्ट्री दस्तावेजों की जांच में जुटी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

