Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के फदहाखार चांदमारी इलाके में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित घायल युवक को कुछ दूर तक घसीटकर ले गए और उसका शव फदहाखार-महमंद बाईपास के पास फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ओम लहरे पिता कन्हैया दिवाकर (22) के रूप में हुई है। रविवार रात करीब नौ बजे फदहाखार गेट के पास कुछ युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए और फदहाखार-महमंद बाईपास के पास छोड़कर फरार हो गए। देर रात राहगीरों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से पहले मृतक तथा आरोपितों के बीच क्या हुआ था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने खून के निशान, चाकू और अन्य अहम सुरागों को जांच के लिए कब्जे में लिया है। हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है।

