बिलासपुर नगर निगम का बजट 1301 करोड़ पार, महिला आरक्षण, पार्षद पेंशन और क्रिकेट स्टेडियम पर हुई मंजूरी; प्रश्नकाल में हंगामा

बिलासपुर नगर निगम का बजट 1301 करोड़ पार, महिला आरक्षण, पार्षद पेंशन और क्रिकेट स्टेडियम पर हुई मंजूरी; प्रश्नकाल में हंगामा

CG Bilaspur Budget 2026: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम की सामान्य सभा में इस बार 1301 करोड़ रुपए से अधिक का बजट पारित किया गया। मेयर पूजा विधानी ने बताया कि बजट केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्मार्ट सिटी सुविधाएं, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

सामान्य सभा में 33% महिला आरक्षण से संबंधित प्रस्ताव पारित कर राज्य शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पार्षदों को सांसद और विधायक की तर्ज पर आजीवन पेंशन देने, मानदेय बढ़ाने और पार्षद निधि में वृद्धि करने का प्रस्ताव भी पास हुआ।

क्रिकेट स्टेडियम के लिए ग्राम मंगला में 12 एकड़ जमीन देने पर भी सहमति बनी। बिलासपुर क्रिकेट संघ ने BCCI के माध्यम से शहर में स्टेडियम निर्माण के लिए आवेदन किया था।

बैठक के प्रश्नकाल में मेयर निधि के खर्च और गंदे पानी की सप्लाई को लेकर हंगामा हुआ। सभापति ने अवैध निर्माण पर अफसरों को चेतावनी दी और तुरंत तोड़ने के निर्देश दिए।

नगर निगम क्षेत्र की सफाई और अमृत मिशन योजना में कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर भी पार्षदों में तनातनी हुई। कांग्रेस की महिला पार्षद ने अपने वार्ड की सक्रियता पर सवाल उठाने पर चुनौती दी और कहा, “महिला हूं, सवाल भी उठा सकती हूं, वार्ड भी चला सकती हूं।”

मेयर ने गंदे पानी की सप्लाई पर कहा कि पानी मटमैला है पर गंदा नहीं, जबकि पार्षदों ने क्लोरीन का उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया।


Related Articles