भोपाल के PWD अफसर ने छोड़ी कार, साइकिल से पहुंच रहे दफ्तर, ईंधन बचत और फिटनेस का दे रहे संदेश

भोपाल के PWD अफसर ने छोड़ी कार, साइकिल से पहुंच रहे दफ्तर, ईंधन बचत और फिटनेस का दे रहे संदेश

MP Bhopal News: भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल, डीजल और गैस की बचत करने की अपील का असर अब ज़मीन पर दिखाई देने लगा है। राजधानी भोपाल में कई नेता, अधिकारी और आम नागरिक ईंधन की खपत कम करने की दिशा में पहल कर रहे हैं। इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग (PWD) के एसडीओ हरिनारायण त्रिपाठी इन दिनों अपनी कार छोड़ साइकिल से दफ्तर पहुंच रहे हैं।

54 वर्षीय हरिनारायण त्रिपाठी का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और देशहित की भावना से प्रेरित होकर यह निर्णय लिया है। उनका मानना है कि ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि देश के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।

हरिनारायण त्रिपाठी रोजाना अपने घर से चार इमली स्थित कार्यालय तक साइकिल से पहुंचते हैं। इसके अलावा विभागीय फील्ड वर्क और घरेलू छोटे-मोटे काम भी अब साइकिल से ही कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन लगभग 25 से 30 किलोमीटर तक साइकिल चला रहे हैं।

भोपाल की सड़कों पर एक सरकारी अधिकारी का यह अलग अंदाज अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। कई लोग इसे ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस की दिशा में प्रेरणादायक पहल मान रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि आम नागरिक और अधिकारी इसी तरह जागरूकता दिखाएं तो ईंधन की खपत कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान दिया जा सकता है।


Related Articles