Bastar Latest News: बस्तर ओलंपिक 3.0 में भाग लेने का मौका, खिलाड़ियों से 30 अक्टूबर तक पंजीयन कराने की अपील

Bastar Latest News: बस्तर ओलंपिक 3.0 में भाग लेने का मौका, खिलाड़ियों से 30 अक्टूबर तक पंजीयन कराने की अपील

Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे ‘बस्तर ओलंपिक 2026-27’ यानी ‘बस्तर ओलंपिक 3.0’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिक से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 28 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम सहित बस्तर जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में एक साथ जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान खिलाड़ियों और इच्छुक प्रतिभागियों से प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीयन कराने की अपील की जाएगी। पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

अभियान के दौरान बस्तर ओलंपिक में शामिल प्रमुख खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें फुटबॉल, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी, कराते, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और एथलेटिक्स शामिल हैं। आयोजन के माध्यम से लोगों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा। इसकी खास बात यह होगी कि नियमित खिलाड़ियों के साथ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक भी खेलों के प्रदर्शन में हिस्सा लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे।

प्रशासन ने अभियान को व्यापक बनाने के लिए जिले और विकासखंड स्तर के सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, खेल संघों, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। इसका उद्देश्य बस्तर ओलंपिक का प्रचार-प्रसार करना और अधिक से अधिक प्रतिभागियों तक इसकी जानकारी पहुंचाना है।

प्रशासन ने इच्छुक खिलाड़ियों और युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 30 अक्टूबर से पहले अपना पंजीयन करा लें, ताकि बस्तर ओलंपिक 3.0 में भाग लेने का अवसर मिल सके।


Related Articles