Balrampur News: गोवर्धन पूजा की रात जंगल में महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, ममेरे भाई पर आरोप; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Balrampur News: गोवर्धन पूजा की रात जंगल में महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, ममेरे भाई पर आरोप; पुलिस ने किया गिरफ्तार

CG Balrampur News: बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गोवर्धन पूजा की रात एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। चांदो थाना क्षेत्र के भीतरकोना जंगल में महिला का खून से लथपथ शव गड्ढे में मिला था। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतिका के ममेरे भाई को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में दो से तीन माह पुरानी पारिवारिक रंजिश को हत्या की वजह बताया जा रहा है।

जंगल में गड्ढे के नीचे मिला महिला का शव

पुलिस के अनुसार, मुड़कमपाट (चंचलचुवों) निवासी 46 वर्षीय पलंगी नगेशिया की हत्या की गई थी। घटना का खुलासा तब हुआ, जब गांव के किशुन नगेशिया को अशोक नगेशिया ने फोन कर भीतरकोना जंगल पहुंचने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर किशुन ने अपनी सास पलंगी नगेशिया का शव पेड़ के झुरमुट के नीचे गड्ढे में पड़ा देखा। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शव खून से लथपथ था। इसके बाद चांदो थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 37/2026 दर्ज किया। इसके बाद अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पंचनामा सहित वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच और गवाहों के बयान में हत्या के पीछे पुरानी पारिवारिक रंजिश सामने आई।

बच्चों के विवाद के बाद बढ़ी थी पारिवारिक रंजिश

पुलिस के मुताबिक, करीब दो से तीन माह पहले आरोपी मदन नगेशिया के छोटे बेटे और मृतिका की नतनीन के बीच बच्चों को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर मदन और पलंगी के बीच कहासुनी, गाली-गलौज और विवाद हुआ था। तभी से आरोपी के मन में मृतिका के प्रति नाराजगी थी।

हंडिया पीने के बाद जंगल ले जाकर हत्या करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन हंडिया पीने के बाद आरोपी मदन नगेशिया महिला पलंगी को रात में जंगल की ओर ले गया। आरोप है कि भीतरकोना जंगल में उसने पत्थर से महिला के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

मृतिका के ममेरे भाई को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए आरोपी मदन नगेशिया (47 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस टीम की इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में चांदो थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नेताम, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, आरक्षक संदीप और महिला आरक्षक मित्रविंदा की अहम भूमिका रही।


Related Articles