Balod News: NH-30 पर ट्रक ड्राइवरों का चक्काजाम, RTO चेकिंग के विरोध में सड़क पर उतरे चालक

Balod News: NH-30 पर ट्रक ड्राइवरों का चक्काजाम, RTO चेकिंग के विरोध में सड़क पर उतरे चालक

Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले में RTO की चेकिंग के विरोध में रविवार को ट्रक ड्राइवरों ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। ग्राम मुजालगोंदी के पास ड्राइवरों ने सड़क पर वाहन खड़े कर आवागमन रोक दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक ड्राइवरों ने RTO विभाग से जुड़े अधिकारी पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही ट्रक में लोड सामान की बिल्टी ले जाने की बात भी कही गई है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद ट्रक ड्राइवरों में आक्रोश फैल गया। सुबह करीब 9 बजे बड़ी संख्या में ड्राइवरों ने नेशनल हाईवे-30 पर वाहन खड़े कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के चलते मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों ने संबंधित RTO अधिकारी से माफी मांगने और कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ट्रक ड्राइवरों और हेल्परों से बातचीत कर जाम खत्म कराने का प्रयास किया। ड्राइवरों का कहना था कि वे अपने साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं।

काफी देर तक चली बातचीत के बाद ट्रक ड्राइवरों ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा और करीब दोपहर 12 बजे चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हुआ और वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।

फिलहाल ट्रक ड्राइवरों की ओर से लगाए गए आरोपों को पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है। मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Related Articles