अमित शाह ने चखा बस्तर की इमली का स्वाद, बोले- यहां की इमली खट्टी नहीं बल्कि मीठी; नेतानार में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन

अमित शाह ने चखा बस्तर की इमली का स्वाद, बोले- यहां की इमली खट्टी नहीं बल्कि मीठी; नेतानार में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन

Amit Shah Visit Bastar Chhattisgarh: रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बस्तर की प्रसिद्ध इमली का स्वाद भी चखा और कहा कि “यहां की इमली खट्टी नहीं बल्कि मीठी है।”

महिलाओं से जाना आत्मनिर्भरता का सफर

अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि इमली प्रसंस्करण और बिक्री से उनकी आय में लगातार वृद्धि हो रही है।

गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह की सदस्य लंबी नाग ने बताया कि समूह से जुड़कर महिलाएं सालाना करीब एक लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकेंगी। समूह द्वारा उच्च गुणवत्ता वाला इमली पल्प तैयार किया जा रहा है।

अब गांव में ही मिलेंगी डिजिटल सुविधाएं

गृह मंत्री ने सेवा सेतु केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां ग्रामीणों को आधार कार्ड, ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट, ई-आधार और विभिन्न ऑनलाइन प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ग्राम नेतानार की निवासी सुखदेवी ने बताया कि पहले आधार कार्ड बनवाने के लिए उन्हें 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही यह सुविधा मिल रही है।

वहीं सोनामनी ने बताया कि महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी कराने में पहले दूरी के कारण परेशानी होती थी, लेकिन अब गांव में केंद्र खुल जाने से उनका काम आसानी से हो गया।

बैंक सखी और सिलाई प्रशिक्षण से महिलाओं को मिलेगा रोजगार

इस केंद्र में महिलाओं को बैंक सखी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिसके माध्यम से वे गांव में ही बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा सकेंगी। इसमें पैसा जमा-निकासी, खाता खोलना, केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

अमित शाह ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया, जहां महिलाओं को बेसिक और एडवांस सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही विजय कुमारी ने कहा कि सिलाई सीखने के बाद वे अपने परिवार का बेहतर पालन-पोषण कर सकेंगी।

धान डेकी केंद्र से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय

गृह मंत्री ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की। इस केंद्र के माध्यम से चावल उत्पादन और बिक्री से महिलाओं की आय बढ़ेगी, वहीं धान की भूसी का उपयोग पशुओं के पौष्टिक आहार के रूप में किया जाएगा। इस अवसर पर विष्णु देव साय, विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


Related Articles