शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, दूसरी शादी तय होने का मैसेज भेजा; आरोपी गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, दूसरी शादी तय होने का मैसेज भेजा; आरोपी गिरफ्तार

Betul Latest News: बैतूल में महिला ने एक युवक पर शादी के नाम पर शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। उसने बताया कि आरोपी ने मुझे शादी के प्रपोज किया। उसके बाद शारीरिक संबंध बनाए। फिर अचानक मैसेज कर दूसरी महिला से शादी तय होने की जानकारी दी। पीड़िता ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादिया ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी कमलेश मोहबे उसका रिश्तेदार है। उसने जून 2023 में उसे प्रपोज किया था। शुरुआत में युवती ने प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया, लेकिन जनवरी 2025 में उसने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। उसके बाद आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाते हुए युवती के साथ मुलताई एवं भोपाल में कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। दोनों ने आपसी सहमति से 30 अप्रैल 2026 को कोर्ट मैरिज करने का निर्णय भी लिया था, लेकिन तय समय आने पर वह अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को मैसेज कर जानकारी दी कि उसकी शादी 12 मई 2026 को किसी अन्य युवती से तय हो चुकी है।

आरोपी के इस व्यवहार से आहत पीड़िता ने थाना मुलताई पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना मुलताई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमलेश मोहबे पिता रमेश मोहबे, उम्र 28 वर्ष, निवासी माथनी को 9 मई को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


Related Articles