Kanker Latest News: किसानों की समस्याओं पर किसान यूनियन ने खोला मोर्चा, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

Kanker Latest News: किसानों की समस्याओं पर किसान यूनियन ने खोला मोर्चा, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

Chhattisgarh Kanker News: कांकेर। जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने प्रशासन के सामने आवाज उठाई है। जिला अध्यक्ष बाबूलाल साहू के नेतृत्व में यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर फसल बीमा में पारदर्शिता, धान खरीदी की सीमा बढ़ाने और टोकन व्यवस्था में बदलाव की मांग की है।

किसानों ने मांग की है कि धान खरीदी के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन व्यवस्था में 50-50 प्रतिशत का अनुपात लागू किया जाए, ताकि सभी किसानों को अपनी उपज बेचने का समान अवसर मिल सके। ज्ञापन में फसल बीमा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं। किसानों का आरोप है कि बीमा के नाम पर उनके बैंक खातों से राशि काट ली जाती है, लेकिन उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं दी जाती। यूनियन ने मांग की है कि खातों से की गई बीमा कटौती का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि किस किसान के खाते से कितनी राशि काटी गई है।

किसानों का कहना है कि धान खरीदी केंद्रों में सीमित खरीदी और कटौती की व्यवस्था के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान अपनी पूरी उपज बेच पाने को लेकर चिंतित हैं। इसे देखते हुए यूनियन ने धान खरीदी की सीमा बढ़ाने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग की है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने प्रशासन से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है। यूनियन का कहना है कि धान खरीदी और फसल बीमा से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।


Related Articles