Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने की पहल, गुजरात के नंद घरों का मॉडल देखेंगी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने की पहल, गुजरात के नंद घरों का मॉडल देखेंगी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नंद घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री ने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों को दिए जा रहे सहयोग का जायजा लेते हुए गुजरात में संचालित आंगनबाड़ी मॉडल को समझा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नंद घरों की कार्यप्रणाली और बच्चों के सीखने के वातावरण को करीब से देखा। उन्होंने जाना कि इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों की देखभाल, पोषण और शुरुआती शिक्षा के साथ माताओं को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। गुजरात में अपनाई जा रही व्यवस्थाएं छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।

इसके बाद गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के सामरी की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं।

बैठक में दोनों राज्यों की महिला एवं बाल विकास योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात में योजनाओं के क्रियान्वयन और नंद घरों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरे का उद्देश्य बेहतर व्यवस्थाओं और नवाचारों को समझकर छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास सेवाओं को और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर विचार करना रहा।


Related Articles