Surguja Latest News: SGGU की PhD चयन सूची पर बवाल, बिना परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हुए अभ्यर्थियों के नाम दर्ज होने का आरोप

Surguja Latest News: SGGU की PhD चयन सूची पर बवाल, बिना परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हुए अभ्यर्थियों के नाम दर्ज होने का आरोप

Chhattisgarh Surguja News: अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय (SGGU) की पीएचडी चयन सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि कुछ ऐसे उम्मीदवारों के नाम भी अंतिम चयन सूची में शामिल किए गए हैं, जो न तो लिखित परीक्षा में शामिल हुए और न ही निर्धारित साक्षात्कार में उपस्थित थे। अभ्यर्थियों और अधिवक्ताओं ने दस्तावेजों के साथ मुख्यमंत्री को शिकायत सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, विश्वविद्यालय की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूची में एक अभ्यर्थी का नाम न तो NET, SET और GATE के आधार पर छूट प्राप्त उम्मीदवारों की सूची में था और न ही लिखित प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सूची में दर्ज था। इसके बावजूद उसका नाम अंतिम चयन सूची में शामिल कर लिया गया। अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय की ओर से जारी दस्तावेजों को इस कथित अनियमितता का आधार बताया है।

चयन सूची में एक अन्य अभ्यर्थी के नाम को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि संबंधित अभ्यर्थी 3 नवंबर 2026 को साक्षात्कार की निर्धारित तारीख पर बिलासपुर में मौजूद था। विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार, साक्षात्कार के लिए उम्मीदवार को निर्धारित समय पर दस्तावेजों और स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य था। ऐसे में अभ्यर्थी के बिलासपुर में मौजूद रहने के बावजूद साक्षात्कार में शामिल होने को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रबंधन मौखिक साक्षात्कार कराए जाने की बात कह रहा है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि संबंधित अभ्यर्थी के मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किस तरह किया गया। उनका सवाल है कि यदि सभी अभ्यर्थियों के लिए व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य थी, तो किसी एक उम्मीदवार के लिए नियमों में बदलाव कैसे किया गया।

पीएचडी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। विश्वविद्यालय ने लिखित परीक्षा के लिए 70 और साक्षात्कार के लिए 30 अंक निर्धारित किए थे। इसके बावजूद अंतिम चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक सार्वजनिक नहीं किए गए। शिकायतकर्ताओं की मांग है कि सभी चयनित उम्मीदवारों के लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता स्पष्ट हो सके।

मामले को लेकर अधिवक्ता राजा जायसवाल के नेतृत्व में युवा अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को लिखित ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विश्वविद्यालय ने UGC के नियमों और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का उल्लंघन किया है। अधिवक्ताओं ने वर्तमान चयन प्रक्रिया निरस्त कर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।

लगातार सामने आ रही शिकायतों के बावजूद विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से अब तक आरोपों पर स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। मामले में विश्वविद्यालय के पीएचडी प्रभारी डॉ. पीयूष पांडेय से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं होने के कारण प्रबंधन का पक्ष नहीं मिल सका। फिलहाल चयन सूची को लेकर उठे सवालों के बीच अभ्यर्थी निष्पक्ष जांच और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।


Related Articles